सरकारी गवाह के पति की किडनैपिंग और मारपीट मामले में संलिप्त दो आरोपी युवकों को हमीरपुर शहर से सोमवार को पुलिस ने दबोच लिया। दोनों को हमीरपुर न्यायालय में पेश किया गया जहां से दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। वहीं तीसरा आरोपी अभी तक फरार चल रहा है।
तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। पकड़े गए दो आरोपियों की पहचान जोगिंद्र पाल (39) निवासी बड़ा, नादौन और मनोज कुमार (35) निवासी अमृतसर पंजाब के रूप में हुई है। शुक्रवार देर शाम को तीन युवकों ने बैंक कॉलोनी हमीरपुर में दूध देने आए दुल्हेड़ा निवासी रमेश चंद को जबरन गाड़ी में डालकर किडनैप कर लिया।
इसके बाद आरोपी युवक रमेश चंद को पक्का भरो-मटाहणी रोड पर ले गए। यहां पर तीनों ने पीट-पीटकर रमेश चंद को लहूलुहान कर दिया। इसके बाद रमेश चंद मुश्किल से बचकर पास के गांव में अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा। यहां से पंचायत प्रधान को फोन पर मामले की जानकारी दी।
इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस थाना हमीरपुर पहुंचकर केस दर्ज करवाया। रमेश चंद ने बताया कि उनकी धर्मपत्नी 13 फरवरी 2016 को एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़के के साथ हुए कुकर्म मामले में सरकारी गवाह है। पुलिस ने रमेश चंद की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भादसं की विभिन्न धाराओं के तहत रास्ता रोकने, किडनैप करने और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने दो युवकों को सोमवार को शहर से दबोच लिया।
एसएचओ हमीरपुर कुलदीप कुमार ने कहा कि अधेड़ से मारपीट मामले के तीन में से दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। तीसरे आरोपी की तलाश कर जा रही है।