अतिक्रमण की चपेट में शहर, नालियों की सफाई में बाधा
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर अतिक्रमण की चपेट में है। कुछ दुकानदारों ने मनमाने ढंग से सड़क की पटरियों पर कब्जा कर लिया है। इससे सड़कें संकरी हो गईं हैं। आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हद तो यह है कि नालियों पर स्थायी रूप से निर्माण कर लिया गया है, जिससे उसकी सफाई में बाधा आ रही है।
कोरोना महामारी के चलते नगर पालिका परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान ठप है। इसका फायदा कुछ दुकानदारों ने उठाते हुए सड़क की पटरियों पर दुकानें लगा ली हैं। यह स्थिति गोला बाजार, बैंक चौराहा, आजाद चौक, मेंहदावल बाई चौराहा, पुरानी सब्जी मंडी आदि स्थानों पर देखने को मिल रहा है। अतिक्रमण के कारण शहर आने वाले लोग अपने वाहन खड़ा करने के लिए परेशान हो रहे हैं। कारण यह है कि जहां कुछ स्थान बचा है, वहां ठेले वालों का कब्जा हो गया है। आए दिन किसी न किसी क्षेत्र में जाम की समस्या के चलते लोगों को घंटों फंसना पड़ रहा है।
खलीलाबाद कस्बे में काम से आए राकेश कुमार ने कहा कि अतिक्रमण के कारण जलभराव की समस्या हो रही है, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। महेंद्र कुमार ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन को अतिक्रमण हटवाना चाहिए, ताकि लोगों को समस्या से निजात मिल सके। नगर पालिका परिषद के ईओ सुरेश मौर्य ने कहा कि जल्द ही शहर से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। उन्होंने लोगों ने अपील की कि जो लोग अतिक्रमण किए हैं, वे स्वेच्छा से हटा लें, ताकि नालियों की साफ-सफाई ठीक ढंग से हो सके।
एसडीएम ने हटवाया कब्जा
रोसयाबाजार। धनघटा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनहन में सरकारी जमीन से अतिक्रमण मंगलवार को एसडीएम की मौजूदगी में हटवाया गया। इसके बाद पंचायत भवन का निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत सोनहन में सरकारी जमीन है। उस जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण होना है। उस पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। इसकी शिकायत प्रधान ने एसडीएम से की थी। मंगलवार को एसडीएम योगेश्वर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण को हटवा दिया। चेतावनी दी कि अगर दोबारा अतिक्रमण हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार रत्नेश तिवारी, विजय सिंह, प्रदीप सिंह, मोहन चौधरी, हल्का लेखपाल अभिषेक श्रीवास्तव, इम्तियाज अहमद, प्रधान के प्रतिनिधि इमरान, रमेश गौतम आदि मौजूद रहे। संवाद