बखिरा थाने में समाधान दिवस पर फरियाद सुनते डीएम और एसपी।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
समाधान दिवस पर डीएम ने सुनी फरियाद, 64 मामलों में से 25 का निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के समस्त थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें कुल 64 मामलों में से 25 का निस्तारण किया जा सका। बखिरा में डीएम दिव्या मित्तल और एसपी डॉ. कौस्तुभ ने समस्याएं सुनी।
बखिरा प्रतिनिधि के अनुसार डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि शासन ने लोगों के त्वरित न्याय के लिए समाधान दिवस की शुरुआत किया है। इससे पीड़ित पक्ष स्थानीय स्तर पर ही न्याय पा सकता है। गांवों के विवाद को मिलजुलकर व गांव के बुजुर्गों के माध्यम से निपटा लेना चाहिए। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि विवाद होने की स्थिति में मुकदमों के बजाए शनिवार को आयोजित थाना दिवस में आकर समाधान पाना चाहिए। सर्वसम्मत से किसी विवाद के निपटारे की स्थिति में समय व धन ही को बचाया जा सकता है। यह व्यवस्था आसान व सुलभ है।
एसओ चंदन कुमार ने बताया कि समाधान दिवस में आए हुए सात मामलों में दो का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया, जबकि शेष आए हुए राजस्व के मामलों में टीम को मौके पर भेजा गया है। इस अवसर पर तहसीलदार शशांक शेखर, एसआई विजय प्रताप सिंह, धीरज उपाध्याय आदि मौजूद रहे। बेलहर प्रतिनिधि के अनुसार बेलहर थाने पर एएसपी संतोष कुमार सिंह ने समस्या सुनी। यहां कुल आठ मामले आए जिसमें से तीन मामले का निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसीलदार रविंद्र कुमार, एसओ संतोष कुमार मिश्र, विजय यादव, जयप्रकाश मिश्र, धर्मनाथ यादव, बहादुर सिंह, रविशंकर श्रीवास्तव, संध्या सिंह, पुनीत पाठक आदि मौजूद रहे। इसी तरह से अन्य थानों पर भी समाधान दिवस आयोजित हुआ।