बनियाठेर। पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंप न्याय की गुहार लगाई है। थाना क्षेत्र के गांव ताहरपुर सिमरौआ निवासी किसान विजेंद्र सिंह की पत्नी राजेश्वरी ने शिकायती पत्र में कहा कि गांव में तैनात हल्का लेखपाल से इकरारनामे कराते हुए जमीन पर एक लाख चालीस हजार रुपये कर्ज लिया था। बाद में महिला ने उक्त कर्ज मय ब्याज के साढ़े तीन लाख रुपये चुका दिया।
लेखपाल ने इकरारनामा का खंडन कराने के बहाने पति से जमीन का बैनामा अपनी पत्नी के नाम करा लिया। इसके बाद लेखपाल ने वह जमीन गांव के ही अन्य व्यक्ति को बेच दी। महिला अपने पति के साथ दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी का कार्य करती है। जमीन संबंधी जानकारी होने पर उसने लेखपाल से विरोध किया, तो वह लड़ाई झगड़े पर आमादा हो गया। महिला ने एसपी से उक्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई कर जमीन वापस दिलाने की गुहार लगाई है।