संभल। मंडी समिति में धान बेचने आए किसान का ट्रैक्टर-ट्राली चोरी हो गया। पीड़ित ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी की। पीड़ित किसान ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के मंडी समिति में सुबह छह बजे नखासा थाना क्षेत्र के गांव मांडली समसपुर निवासी रिफाबुल अपने ट्रैक्टर-ट्राली में धान लेकर आढ़त पर बेचने आए थे। सुबह दस बजे करीब आढ़त पर धान उतरवा कर अपने ट्रैक्टर-ट्राली को मंडी समिति के छोटे गेट पर खड़ा कर दिया और आढ़ती से धान के रुपये लेने चले गए। जब रुपये लेकर लौटे तो ट्रैक्टर-ट्राली गायब थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़ित ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे। जिसमें वहां से ट्रैक्टर-ट्राली को कुछ लोग ले जाते हुए दिखाई दिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संभल कोतवाल पंकज लावनिया ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली चोरी होने के मामले में तहरीर मिली है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की कार्रवाई की जाएगी।
मंडी समिति में पुलिस चौकी और ट्रैक्टर चोरी ले गए चोर
अपराधियों के हौसले संभल में कितने बुलंद हैं। इसका अंदाजा मंडी समिति से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्राली से लगाया जा सकता है। मंडी समिति में पुलिस चौकी और इसके बाद भी चोर आसानी से ट्रैक्टर-ट्राली चोरी कर ले गए। आरोपी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। जिनको पुलिस तलाश करने का दावा कर रही है। वहीं कुछ आढ़तियों का कहना है कि पुलिस मंडी समिति में रहती जरूर है, लेकिन ध्यान नहीं देती। जाम के हालात बनने पर भी पुलिस कर्मी नहीं पहुंचते। पीआरडी के जवान ही मशक्कत करते नजर आते हैं।