बहजोई। डीएम के औचक निरीक्षण में डीएसओ समेत खाद्य एवं औषधि विभाग के दफ्तर पर ताला लटका मिला। इसके अलावा डीआईओ समेत चकबंदी, आरईडी व मतस्य विभाग में कई अधिकारी व कर्मचारी गैर हाजिर मिले। इसको लेकर डीएम ने गैर हाजिर अधिकारियों व कर्मचारियों के एक दिन के वेतन/मानदेय आहरण पर रोक लगाई गई है।
सोमवार को जिलाधिकारी संजीव रंजन कलक्ट्रेट के निकट स्थित सिंचाई विभाग की कॉलोनी में बने दफ्तरों का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां डीएम को जिला पूर्ति अधिकारी का कार्यालय बंद मिला। बाद में कुछ अभिलेख मिलने पर सामने आया कि डीएसओ की ओर से बीते काफी समय से उपस्थिति पंजिका का अवलोकन तक नहीं किया गया है। इसके अलावा जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के दोनों दफ्तर बंद मिले।
डीएम के मुताबिक निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन दफ्तर से नदारद मिले। इसके अलावा आशुलिपिक, दो कनिष्ट सहायक व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गैर हाजिर मिले। सहायक निदेशक मतस्य के दफ्तर में मतस्य विकास अधिकारी व कनिष्ट सहायक गैर हाजिर मिले। जिला सूचना अधिकारी दफ्तर में डीआईओ व कंप्यूटर ऑपरेटर अनुपस्थित मिले।
डीएसओ दफ्तर में डीएसओ समेत तीन पूर्ति लिपिक गैर हाजिर मिले। सहायक चकबंदी अधिकारी क्षेत्र मुल्हेटा व हसनपुर खुर्द में सहायक चकबंदी अधिकारी समेत दो चकबंदी कर्ता, कनिष्ठ लिपिक व 12 लेखपाल अनुपस्थित पाए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में अभिहीत अधिकारी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गैर हाजिर मिले। जिलाधिकारी ने बताया कि दफ्तरों में गैर हाजिर मिले अधिकारियों व कर्मचारियों के 22 नवंबर के एक दिन के वेतन/मानदेय आहरण पर रोक लगाई गई है।