चंदौसी। बदायूं रोड स्थित भैतरी रेलवे फाटक से गांव रहोली को जाने वाले करीब 150 मीटर मार्ग पर कीचड़ से दलदल जैसे हालात हो गए हैं। जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई बार व्यापारी व ग्रामीण सड़क को दुरुस्त कराने की मांग कर चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। व्यापारियों ने मार्ग दुरुस्त नहीं होने पर प्रदर्शन कर अपना विरोध प्रकट किया। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण व्यापार भी ठप है।
बदायूं रोड स्थित भैतरी रेलवे फाटक से गांव रहोली को मार्ग गया है। रेलवे फाटक के पास से गांव रहोली जाने वाले रास्ते पर कीचड़ से दलदल जैसे हालात हो गए है। जिससे आवागमन प्रभावित बना हुआ है। रोजाना इस मार्ग से हजारों की संख्या में लोग आते-जाते हैं। इसी मार्ग पर काफी संख्या में दुकानें हैं। सड़क खराब होने के कारण ग्राहक भी दुकानें पर नहीं जाने के लिए परहेज करते हैं। सड़क की यह समस्या पिछले एक वर्ष से बनी हुई है। ग्रामीण व व्यापारियों ने कई बार जनप्रतिनिधि व संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर समस्या का समाधान कराने की मांग कर चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं होने पर व्यापारियों व ग्रामीण में रोष व्याप्त है।
बुधवार को व्यापारियों ने जमकर प्रदर्शन कर सड़क दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जर्जर मांग होने के कारण व्यापार भी ठप है। प्रदर्शन करने वालों में रिजवान, नीरज, संजय, रईश, जबरुद्दीन, दीपक ठाकुर, सुरेश सिंह, राजू, शमीम, मित्रपाल, कमल कुमार, इवले हसन, आसिफ अली आदि शामिल रहे।