संभल। किसी बात को लेकर परेशान हुए किशोर ने फंदे से लटक कर जान दे दी। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में चर्चा है कि किशोर कई दिन तक लापता रहा था और वह किसी बात को लेकर मानसिक तौर पर परेशान था।
असमोली थाना क्षेत्र के अखबंदपुर काफूरपुर गांव निवासी राजमिस्त्री नन्हू के 15 वर्षीय बेटे रोहित का शव रविवार की सुबह 11 बजे करीब घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने शव को आनन फानन में उतारा और पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार किशोर गांव भवालपुर स्थित एक बाइक मिस्त्री की दुकान पर काम सीख रहा था। बाइक मिस्त्री की दुकान में चोरी हो गई थी। बाइक मिस्त्री ने किशोर व अन्य काम सीखने वाले युवकों की डांट लगाई थी।
किशोर भयभीत होकर कहीं चला गया था। अब दो दिन पहले ही घर लौटा था। ग्रामीणों ने बताया कि किशोर परेशान था और घर से नहीं निकल रहा था। रविवार की सुबह माता-पिता गंगा स्नान के लिए गए तो किशोर ने फंदे से लटक कर जान दे दी। वहीं, इस मामले में भवालपुर चौकी के इंचार्ज आजाद शर्मा का कहना है कि इस तरह की कोई घटना उनके संज्ञान में नही है।