संभल। मोहल्ला जारई गेट में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता के गले पर चोट के निशान हैं तथा शव बेड पर पड़ा था। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास व ससुर के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी पति व सास को हिरासत में ले लिया है।
चंदौसी के मोहल्ला जारई गेट निवासी खुशनुमा (22) की शादी तीन साल पहले जुबैर से हुई थी। शुक्रवार की सुबह जुबैर ने पड़ोस में रह रही अपनी मां को सूचना दी कि खुशनुमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। मृतका के गले पर चोट के निशान थे। मृतका नौ माह की गर्भवती थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सूचना मिलते ही मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पति पर हत्या करने का आरोप लगाया। मायके पक्ष का आरोप है कि जुबैर शराब पीकर अभद्र व्यवहार करता था। पुलिस ने आरोपी पति जुबैर व मृतका की सास को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। मृतका के पिता अल्ताफ ने बताया कि आरोपी उनकी बेटी को परेशान करता था। परिजनों ने पति, सास व ससुर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
महिला का शव घर में पड़ा मिला है। उसके गले शरीर पर चोट के निशान हैं। शव पीएम को भेजा गया है। तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गोपाल सिंह, सीओ चंदौसी