बहजोई। भ्रष्टाचार व धोखाधड़ी के आरोप में सीएमओ दफ्तर के वरिष्ठ सहायक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पूरे मामले में सेवानिवृत्त जिला मलेरिया अधिकारी की ओर से की गई शिकायत की जांच में खुलासा होने के बाद सीएमओ की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई।
प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र त्यागी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार सक्सेना की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि सेवानिवृत्त जिला मलेरिया अधिकारी हरिओम वर्मा की ओर से दफ्तर में तैनात एक वरिष्ठ सहायक के खिलाफ शिकायत की गई थी। शिकायत को लेकर निदेशक (प्रशासन) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से मुख्य विकास अधिकारी संभल व अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मुरादाबाद मंडल मुरादाबाद को सौंपी गई थी।
सीडीओ उमेश कुमार त्यागी व एडी डॉ. प्रभाकर बंधु की ओर से की गई जांच में सामने आया कि सेवानिवृत्त डीएमओ 26 फरवरी 2021 को सेवानिवृत्त हुए तथा इनका लिखित में कहना है कि सेवानिवृत्त के अवेशष देयक का भुगतान संबंधित पटल सहायक की ओर से 95 हजार रुपये की मांग की गई। इसके सापेक्ष 85 हजार रुपये में समझौता हुआ।
पटल सहायक की ओर से अवैध धनराशि 60 हजार रुपये वसूल की गई। इसके अलावा पटल सहायक की डायरी के अंतिम पृष्ठ पर डीएमओ लिखकर 48 हजार रुपये का हिसाब अंकित किया है। वहीं पटल सहायक की ओर से एक बार 5 हजार रुपये व एक बार 10 हजार रुपये लिए गए हैं।
इसके अलावा पटल सहायक की ओर से सेवानिवृत्त डीएमओ से 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर अवैध धनराशि लेना पाया गया है। इसकी जांच में भी वीडियो व अन्य साक्ष्य संलग्न है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूरे मामले में सीएमओ की तहरीर के आधार पर वरिष्ठ सहायक अधीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी संभल, बहजोई अरविंद कुुमार शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।