गुरुवार की शाम धनारी थाना क्षेत्र के भकरौली निवासी किसान दरवारी लाल खेत की रखवाली करने गए। शुक्रवार को गांव के ही एक शख्स ने उनके शव को रेलवे ट्रैक पर पड़ा देखा। परिजनों ने बताया है कि दरवारी लाल घर से नशा करके निकले थे। घर वालों ने बिना पुलिस की सूचना के शव का अंतिम संस्कार करा दिया है।
चंदौसी के धनारी थाना क्षेत्र में भकरौली निवासी किसान खेत की रखवाली करने गया था। सुबह किसान का शव रेलवे ट्रैक पर कटा मिला। किसान की मौत से होली के त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के भकरौली निवासी किसान दरवारी लाल (40) गुरुवार की शाम घर से खाना खाकर खेत की रखवाली करने के लिए निकले थे। शुक्रवार की सुबह गांव के ही नेत्रपाल सिंह अपने खेतों की रखवाली करने के लिए जा रहे थे। रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो शव के नजदीक पहुंचे। शव की शिनाख्त कर मृतक के परिवार वालों को सूचना दी।
सूचना के बाद मृतक का परिवार व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दरवारी लाल का शव देखकर परिवार में चीख पुकार मच गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिये बगैर ही शव अपने घर ले आए। परिजनों ने शव का राजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक की पत्नी के मुताबिक गुरुवार की शाम जब वह घर खाना खाने आये थे। तब वह नशे की हालत में थे। मृतक के परिवार में चार पुत्र व एक पुत्री है। मृतक की पत्नी सूरजमुखी का रो रो कर बुरा हाल है।