संभल के गांव मूसापुर में शुक्रवार सुबह नौ बजे तंदूर से रोटी पहले खरीदने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला ज्यादा बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए। इसी दौरान फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। फायरिंग और पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नौ लोग हिरासत में लिया हैं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। दोनों पक्षों की और से कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी गई। पुलिस की तरफ से दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया की ये विवाद तंदूर पर रोटी खरीदने को लेकर शुरू हुआ था। हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया है कि एक पक्ष का युवक तंदूर से रोटी खरीदने गया था। दूसरे पक्ष का युवक बाद में रोटी लेने गया था और पहले रोटी लेने की मांग कर रहा था। इसी बात पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आए तो पथराव और फायरिंग हुई। पुलिस अधीक्षक ने बताया की थाना पुलिस जानलेवा हमला करने समेत अन्य कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर रही है।