संभल। गांव चिमियावली में मीट फैक्टरियों का गंदा पानी निकलने से परेशान ग्रामीणों ने नई तहसील पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। समस्याओं के समाधान के लिए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
शनिवार को नई तहसील पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय शर्मा व कांग्रेस नेता अशरफ अली सैफी के नेतृत्व में गांव चिमियावली के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। साथ ही अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी रमेश बाबू को सौंपा। जिसमें बताया है कि गांव में मीट फैक्टरियों का गंदा पानी भूमि के अंदर जाने से पूरे गांव के नलों में दूषित पानी निकल रहा है। जिससे गांव में बीमारी व महामारी फैलने की आशंका है। गंदा पानी निकलने से पेयजल की बहुत बड़ी समस्या हो गई है।
मांग की कि गांव में पानी की टंकी लगवाई जाए। गांव के मुख्य मार्ग की सड़क जर्जर हो चुकी है। सड़कों में गड्ढे होने के कारण आए दिन घटना-दुर्घटना होती रहती हैं। इस दौरान मोहम्मद इस्लाम खां, मोहम्मद हसन अली, मदनलाल, वशीर अहमद, शमशाद, बलवंत, श्यामलाल, सोहन सिंह, सुरेश, रामकली, पूनम, नगमा, नसीम, मेहरूनिशा, सलमा, कैलाशो, वीरवती, रानी, फूलजहां, नारायण देई, चंपा देवी आदि मौजूद रहे।