चंदौसी। बिजलीघर खेड़ाखास पर कार्यरत मीटर रीडर के साथ एक उपभोक्ता ने मारपीट की। पुलिस शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से गुस्साएं मीटर रीडरों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया तथा ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा कि मीटर रीडर अजीत कुमार सिंह बिजलीघर खेडाखास पर कार्यरत हैं। उसे एक उपभोक्ता ने फोन करके बुलाया और उसके साथ मारपीट की। आरोपी ने मीटर रीडर का मोबाइल व 500 रुपये भी छीन लिए।
मीटर रीडर व सुपरवाइजर की ओर से थाना बनियाठेर में तहरीर दी गई। पर आरोपी के विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न करने से आक्रोशित मीटर रीडरों ने अधीक्षक अभियंता कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया तथा आरोपी के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर सौरभ, रजनीश कुमार, नेक मोहम्मद, सचिन मिश्रा, राजवीर, राजीव पाठक, अनमोल, चंद्रभान, पुष्पेंद्र, अमित कुमार, गौरव शर्मा, सुबोध शर्मा, वीरेश कुमार, सोनू शर्मा, रवि कुमार आदि रहे।