ओबरी (संभल)। मलकपुर नवादा में नवनिर्माणाधीन नाले की दीवार में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। इस कारण दीवार टूट रही है। यह आरोप लगाते हुए लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग उठाई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ठेकेदार से इसकी शिकायत की गई तो वह अभद्रता पर उतारू हो गया।
असमोली ब्लॉक क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत मलकपुर नवादा में 15 दिन पूर्व 100 मीटर लंबी सड़क बनाई गई है। सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण चल रहा है। नाले के दोनों ओर बनाई जा रही दीवारों में बड़े-बड़े छेद छोड़ दिए। इससे गंदे पानी का आबादी के बीच फैलने का खतरा ग्रामीणों को सता रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाला निर्माण में जब मनमानी का विरोध किया तो ठेकेदार ने ग्रामीणों को ही धमकाना शुरू कर दिया। इससे ग्रामीण भड़क गए और गुरुवार को ठेकेदार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रताप सिंह, धर्मपाल सिंह, कुलदीप कुमार, राजकुमार, मुन्ना सिंह, अनिल कुमार, जसपाल सिंह, विपिन कुमार, अंकित, गुलाब सिंह, प्रेम सिंह, कुलवंत सिंह आदि रहे।