चंदौसी में डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें आसपास के लोगों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया है।
मुरादाबाद रोड पर जीरो प्वाइंट के सामने बाइक सवार चाचा भतीजे को डीसीएम ने सामने से टक्कर मार दी। जिसमें बदायूं जनपद का अमित सैनी और उसका चाचा मोहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
विज्ञापन
राहगीरों ने हादसे के आरोपी चालक को पकड़ लिया है। बदायूं जनपद में थाना इस्लामनगर के सैफुल्लागंज सागर सराय निवासी अमित रविवार की सुबह अपने चाचा मोहर सिंह को बिलारी से दवा दिलाने ले जा रहा था।
चंदौसी ग्रीन सिटी से निकलने के बाद इनकी बाइक जीरो प्वाइंट पर पहुंची, उसी समय बिलारी की ओर से आए डीसीएम चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन
जबकि बाइक चला रहा अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहर सिंह को चोट लगी है। राहगीरों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से इन्हें चंदौसी अस्पताल भिजवाया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर किया गया है। चिकित्सक के अनुसार अमित की हालत ज्यादा गंभीर है। वहीं राहगीरों ने हादसे के आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अभी घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
नीलगाय से टकराई कार, चालक बाल-बाल बचा
नखासा थाना क्षेत्र में संभल-हसनपुर रोड पर सिंहपुरसानी पेट्रोल पंप के पास दिल्ली को जा रही कार नीलगाय से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कोतवाली संभल के महमूद खां सराय निवासी खालिद शनिवार को अपने दोस्त मोहम्मद रेहान के साथ सुबह दिल्ली के निजी अस्पताल को जा रहा था।
सुबह 10: 45 बजे कार दिल्ली रोड पर सिंहपुरसानी के पास पहुंची तो अचानक तेज गति से सड़क पार कर रही नीलगाय से टकरा गई। हादसे में कार चालक बाल-बाल बचा।