संभल। एशियन हसीना बेगम अस्पताल में राजमिस्त्री की मौत के बाद विवाद हो गया। मामले में मृतक के परिजनों ने उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। इस विवाद में एक पक्ष के महिला समेत तीन लोग घायल हुए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अस्पताल के मैनेजर समेत तीन नामजद और तीन-चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हयातनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरायतरीन के मोहल्ला पीला खदाना निवासी राजमिस्त्री रौदास (42) पुत्र हरपाल को मंगलवार की शाम शहर के एशियन हसीन बेगम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सर्जरी के बाद रौदास की बुधवार को मौत हो गई थी। परिजनों को यह जानकारी दी गई तो उनके होश उड़ गए। शव देने की प्रक्रिया के दौरान रुपये कम करने के लिए रौदास के परिजनों ने कहा था।
आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से रुपये कम नहीं किए गए। बल्कि मैनेजर व स्टाफ ने अभद्रता की। इसी बात पर विवाद हो गया था। इसमें आरोप यह था कि अस्पताल में मौजूद स्टॉफ ने तीमारदारों के साथ मारपीट की। इसमें राजेंद्र और भजनलाल के अलावा रौदास की पत्नी सीमा घायल हुई थीं। पुलिस ने रौदास के भतीजे ऋषभ कुमार की तहरीर के आधार पर अस्पताल के मैनेजर रॉबिन, माजिद हुसैन, जुनैद और तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।