चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के गणेश कालोनी स्थित ग्रीन पार्क के पास बुधवार की शाम बाइक सवार नकाबपोश दो युवकों ने ई-रिक्शा में सवार महिला के गले पर झपट्टा मार सोने की चेन तोड़ ले गए। दिनदहाड़े महिला के गले सोने की चेन लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। पीड़ित महिला ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
स्टेशन रोड स्थित पीली कोठी निवासी मीना खट्टर एसएम कॉलेज में लिपिक के पद पर तैनात है। उनके साथ ही लायंस कालोनी निवासी दीपमाला भी क्लर्क के पद पर कार्य करती हैं। बुधवार को शाम चार बजे मीना अपनी साथी दीपमाला के साथ अपने जेठ नीटू पंजाबी के घर पंजाबी कालोनी जाने को एसएम कॉलेज के सामने से ई-रिक्शा में सवार हुई। ई -रिक्शा जब गणेश कालोनी स्थित ग्रीन पार्क के पास पहुंचा तो पीछे से बाइक पर सवार नकाबपोश दो युवक पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने दीपमाला के गले पर झपट्टा मार सोने की चेन तोड़ ली और तेजी से गणेश मेला ग्राउंड की ओर रवाना हो गए। चेन तोड़ने के बाद दोनों महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। दीपमाला ने घटना से अपने परिजनों को अवगत कराया। पीड़ित महिला ने बताया कि बाइक सवर नकाबपोश युवक उनके गले में पड़ी डेढ़ तोले की चेन तोड़ ले गए। महिला ने अपने परि जनों के साथ कोतवाली पहुंच घटना की तहरीर दी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे चेक करने में जुटी है। दिनदहाड़े में महिला के गले से चेन स्नेचिंग की घटना से शहर में हड़कंप मचा है।