बहजोई। जिले के 27 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व चार नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन हुआ। इसमें 50 चिकित्सकों व 156 पैरामेडीकल स्टाफ की ओर से 1584 मरीजों का उपचार कर दवा दी गई। इनमें 665 पुरुष समेत 650 महिला रोगी व 269 बच्चों का उपचार हुआ।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अजय कुमार सक्सेना ने बताया कि स्वास्थ्य मेलों में 239 लोगों की एंटीजन टेस्ट किट से कोरोना वायरस की टेस्ट किए गए। इसमें सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना के तहत 29 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए गए।
सीएमओ ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना वायरस से बचाव के लिए हेल्प डेस्क व बुखार व खांसी के मरीजों को देखने के लिए अलग से काउंटर बनाए गए। इस बीच अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पंकज कुमार बिश्नोई समेत जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार राठौर व सहायक शोध अधिकारी महेश चंद्र गौतम, संजीव कुमार व मुकेश चंद्र शर्मा ने स्वास्थ्य मेलों में पहुंचकर निरीक्षण किया।