सहारनपुर में कपड़ा कारोबारी के घर चोरी का आरोपी नेपाली नौकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी। पुलिस को आरोपी की अंबाला रोड में दिखने की सूचना मिली। जिसके बाद घेराबंदी करते हुए पुलिस ने आरोपी पर फायरिंग शुरु की और मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दरअसल मिशम कंपाउंड में रहने वाले कपड़ा कारोबारी दुर्गेश ग्रोवर के मकान में मंगलवार को लाखों की चोरी हुई थी। इसके बाद से ही घर का नेपाली नौकर फरार चल रहा था। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को सूचना मिली की आरोपी नेपाल भागने की फिराक में है जो कि लुधियाना से अंबाला रोड की तरफ दिखाई दिए हैं।
यह भी पढ़ें: दिनदहाड़े वारदात: सहारनपुर में बाइक सवार बदमाशों ने इंटरमीडिएट के छात्र की गोली मारकर की हत्या, मचा कोहराम
इस सूचना पर सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक ने एसओजी टीम को साथ लिया और थाना प्रभारी सरसावा को घेराबंदी करने के लिए बताते हुए अंबाला रोड पहुंचे। अम्बाला रोड पर तीन बदमाश पैदल आते हुए दिखाई दिए। जैसे ही पुलिस की गाड़ी उन बदमाशों के पास पहुंची, उन्होंने पुलिस पार्टी के ऊपर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल होकर गिर पड़े तथा एक बदमाश गन्ने के खेत में छुप गया, जिसे पुलिस पार्टी द्वारा चारों तरफ से घेर कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ स्थल से दो तमंचे, भारी संख्या में खोखा व जिंदा कारतूस तथा एक बैग मिला है। बैग में कुछ रुपए व अन्य सामान मिला है, जो मिशन कंपाउंड में हुई चोरी की घटना से संबंधित है। घायल बदमाशों के नाम नयन बहादुर व गणेश है तथा गिरफ्तार बदमाश का नाम मोहन है। सभी नेपाल के निवासी हैं। घटना में शामिल व अन्य बदमाशों से चोरी किए गए माल के संबंध में पूछताछ की जा रही है।