तीतरो (सहारनपुर)। तबर्रकपुर में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुखार के चलते 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं।
बता दें कि तीतरो क्षेत्र के ग्राम तबर्रकपुर में पिछले एक सप्ताह से बुखार का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात गांव निवासी सतीश (40) पुत्र श्याम सिंह की बुखार के चलते मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक कई दिनों से युवक को तेज बुखार आ रहा था, जिसका गंगोह स्थित निजी चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था। परंतु बुखार की अधिकता के कारण रात्रि में उसकी मौत हो जाने से परिजन गमजदा है। इससे दो दिन पूर्व ही बुखार ग्रस्त होने के चलते एक महिला की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों में पूर्व ग्राम प्रधान नफे सिंह, नीटू कुमार, पहल सिंह, बालकिशन, बबली, सोनू कुमार आदि का कहना है कि गांव में बुखार का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कई मरीजों को बुखार की गंभीर अवस्था के चलते हायर सेंटर में दाखिल कराया गया है। आरोप है कि प्राइवेट लैब की रक्त की जांच में डेंगू बुखार जैसे लक्षणों की पुष्टि हो रही है जबकि स्वास्थ्य विभाग डेंगू बुखार मानने को तैयार नहीं है।
उधर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में दौरा कर मरीजों का हाल जाना है। चिकित्सा प्रभारी डा रोहित वालिया का कहना है कि हायर सेंटर पर दाखिल मरीजों में डेंगू बुखार की पुष्टि होने पर जानकारी जिला स्तर से प्राप्त हो जाती है जबकि ऐसी कोई पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग से नहीं हुई है। निजी लैब अनाधिकृत तरीके से डेंगू की रिपोर्ट जारी कर रही है। उनकी जांच की जायेगी।