गंगोह (सहारनपुर)। पहले तो तीन तलाक देकर घर से निकाली दी। बाद में विवाहिता को उसके मायके से मारपीट कर जबरन वापस ले जाने का प्रयास किया। मायके वालों ने दामाद को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। जबकि देवर फरार हो गया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने दी तहरीर में कहा उन्होंने अपनी पुत्री की शादी हरियाणा के पानीपत जनपद के ग्राम मढ़ाना निवासी युवक के साथ खूब दान दहेज देकर की। स्वजन के अनुसार एक दिन उनकी बेटी ने उन्हें फोन कर बताया उसका देवर उसके साथ दुष्कर्म करता है। बेटी की बात सुनकर माता पिता दोनों वहां पहुंचे। उन्होंने लड़की की पूरी बात सुनकर इसकी शिकायत अपने दामाद व उसके माता पिता से की तो उन्होंने कहा उनके यहां तो ऐसा ही होता है तथा लड़की को दोनों के ही साथ रहना पड़ता है।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने उनकी लड़की के साथ मारपीट की तथा उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपनी बेटी को लेकर घर आ गए। आरोप है कि रविवार को स्वजन की गैर मौजूदगी में दामाद व उसका भाई अचानक उनके घर पर आ धमके तथा उसकी लड़की को बाइक पर बैठा कर ले जाने लगे। शोर सुनकर पड़ोसियों ने मौके पर पहुंच कर एक को व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसका भाई वहां से भाग गया। पकड़े गए दामाद को पुलिस को सौंपा। पीड़ित पिता ने मामले की तहरीर कोतवाली में देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।