बेहट (सहारनपुर)। मिलावटी डीजल-पेट्रोल का बड़ा कारोबारी गौरव सैनी भी मिर्जापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से 20 लीटर अप मिश्रित पेट्रोल भी बरामद हुआ है। तसव्वर की गिरफ्तारी के बाद से गौरव फरार चल रहा था।
मिर्जापुर पुलिस ने शुक्रवार को रायेपुर से वैगनआर में मिलावटी पेट्रोल के साथ बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव रीढ़ी मोहिद्दीनपुर निवासी तसव्वर को 50 लीटर मिलावटी पेट्रोल के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तसव्वर ने खुलासा किया था कि फतेहपुर भादो का गौरव सैनी मिलावटी डीजल पेट्रोल का बड़ा कारोबार करता है। वह उसी से खरीदकर मिलावटी पेट्रोल और डीजल क्षेत्र में सप्लाई करते है। सड़क किनारे डीजल पेट्रोल बेच रहे फुटकर विक्रेता के अलावा वें कुछ पेट्रोल पंप पर भी इस मिलावटी डीजल पेट्रोल की सप्लाई करते है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को इसकी सूचना दी थी, हालांकि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की तरफ से दी तहरीर में गौरव का कोई जिक्र नहीं किया। तसव्वर की गिरफ्तारी और खुलासे के बाद से गौरव फरार चल रहा था। इंस्पेक्टर मिर्जापुर ने बताया रविवार को मुखबिर की सूचना पर गौरव को कलसिया तिराहे से गिरफ्तार कर उसके पास से एक 20 लीटर अप मिश्रित पेट्रोल से भरी जरी कैन भी बरामद की। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की।