सहारनपुर में सरसावा क्षेत्र के गांव झबीरण की बेटी प्राची चौधरी ने चीन एशियाड खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिले दौड़ में रजत पदक हासिल किया। बेटी की उपलब्धि पर गांव में जश्न का माहौल है। पदक विजेता बेटी के पिता के आंसू खुशी से छलक पड़े। उन्होंने कहा कि यह उनकी बेटी की नहीं पूरे देश की उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेटी भविष्य में ओलंपिक खेलों में भी देश का नाम रोशन करेगी।
बुधवार का दिन सरसावा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक रहा। जब चीन के हांगझोऊ शहर में चल रहे एशियाई खेलों में प्राची को रजत पदक हासिल हुआ। प्राची के पिता किसान जयवीर सिंह ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी यूपी पुलिस में कार्यरत है, जबकि दूसरे नंबर की प्राची खिलाड़ी होने के साथ-साथ रेलवे में नौकरी करती है।