नगर निगम परिसर में बूस्टर डोज लगवाते नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने नगर निगम परिसर में चल रहे टीकाकरण शिविर में बूस्टर डोज लगवाकर सभी फ्रंट लाइन वर्कर्स और 60 साल से अधिक के लोगों को बूस्टर डोज लगवाने का संदेश दिया। इसके अलावा नगर निगम की टीमों ने शहर के कई वार्डों में जाकर 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को टीका लगाया।
नगरायुक्त के निर्देश पर सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में शहर में कई स्थानों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। 62 फुटा रोड स्थित चांद कॉलोनी में स्वास्थ्य विभाग की टीम को लेकर पहुंचे निगम अधिकारियों ने घर-घर जाकर 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण किया। सहायक नगरायुक्त ने लोगों को टीका का महत्व समझाया। उन्होंने कहा, कोरोना से बचाव का सबसे उत्तम तरीका टीका ही है। ऐसे में अपने साथ ही अपनों के बचाव के लिए टीका जरूर लगवाएं, साथ ही परिवार में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रत्येक सदस्य को टीका लगवाएं। टीकाकरण अभियान के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी, विक्रम, प्रदीप, एएनएम आरती, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शाजी आदि मौजूद रही।