सहारनपुर। बारिश से एक ओर जहां शहर में जगह-जगह कीचड़ और जलभराव रहा, वहीं सर्दी भी बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 10.5 तो अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में सर्दी से राहत नहीं मिल सकी। बारिश 19 एमएम दर्ज की गई।
एक दिन पहले बुधवार को ही बादल आसमान में घिर आए थे। रात भर बादल छाए रहे। बृहस्पतिवार की प्रात: छह बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ देर बाद रूक गई, लेकिन इसके बाद साढ़े आठ बजे से 12 बजे तक तक बारिश हुई। बारिश की वजह कोर्ट रोड और रेलवे रोड पर निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह कीचड़ फैल गया। वहीं, खाताखेड़ी, दीनानाथ बाजार, नखासा बाजार, खलासी लाइन और शारदानगर में कुछ जगहों पर जलभराव की वजह से नागरिकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा है।
अपराह्न करीब तीन बजे हल्की धूप भी निकली, लेकिन वह पांच से दस ही मिनट की थी। उसके बाद फिर से आसमान को बादल छा गए। तेज बारिश व ठंडी हवा की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान एक दिन पहले बुधवार को 14 डिग्री सेल्सियस था, वह बृहस्पतिवार को घटकर 12.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। देर शाम आसमान बादलों से घिरा रहा, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। सर्दी की वजह से लोग घरों दुबक गए। आवश्यक काम के लिए लोग बाजार में निकले। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी जिले में बारिश होगी।
29 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा
बारिश के साथ शीत लहर चली, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश और उसके बाद 29 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। हालांकि शाम तक हवा की गति में कमी आई और उसकी गति 16.7 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई। बरसात के साथ तेज सर्द हवा चलने के कारण ठिठुरन भरी सर्दी से राहत नहीं मिल रही है।
बिजली ने किया परेशान
बारिश के दौरान खान आलमपुरा, रामनगर पठानपुरा, जनकनगर, किशनपुरा, कंबोह का पुल, खाताखेड़ी, चिलकाना रोड, कोर्ट रोड, रेलवे रोड, पुरानी मंडी, खलासी लाइन व शारदानगर सहित कई इलाकों में विद्युत सप्लाई बंद रही, जिसकी वजह से लोग परेशान हुए। वहीं, तेज हवा चलने पर हादसे की आशंका को लेकर विद्युत निगम की ओर कुछ इलाकों में थोड़ी देर के लिए सप्लाई बंद करनी पड़ी। ा
सहारनपुर में बरसात देहरादून रोड़ की और से छाता लेकर बाइक पर आते लोग- फोटो : SAHARANPUR