सहारनपुर। दीपावली पर हुई आतिशबाजी का जहर अभी तक हवा में घुला है। हैरानी वाली बात यह है कि दीपावली के चार दिन बाद एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) कम होने के बजाय और बढ़ गया है। दीपावली की रात जहां एक्यूआई 270 दर्ज था, वह अब सोमवार को 280 पर पहुंच गया। आसपास के जनपदों में भी वायु प्रदूषण और बढ़ा है।
इस बार दीपावली पर एक्यूआई 270 रहा था। गोवर्धन पूजा के दिन भी आतिशबाजी हुई, मगर एक्यूआई 240 था। ऐसे में उम्मीद थी कि तीन से चार दिन में हवा में घुला जहर कम होगा, मगर हवा नहीं चलने की वजह से प्रदूषण अभी भी हवा में बना हुआ है। सोमवार को पड़ोसी जनपद मुजफ्फरनगर का एक्यूआई 384 दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के जनपद यमुनानगर में यह 277 रहा। सहारनपुर में यह 280 तक रहा हैै।
संभलकर रहें सांस और दिल के मरीज
चूंकि हवा में आतिशबाजी का जहर अभी बढ़ा हुआ है। ऐसे में दिल और सांस के मरीजों को संभलकर रहने की जरूरत है। एसबीडी जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अनिल वोहरा का कहना है कि जब हवा में प्रदूषण अधिक हो तो सांस और दिल के मरीजों के साथ ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सावधान हो जाना चाहिए। बिना मास्क के घर से बाहर ना निकले।
मौसम भी है एक वजह
हवा में प्रदूषण बढ़ने की एक वजह मौसम भी है। सर्दी के दिनों में हवा में नमी की वजह से धुआं और धूल के कण धरातल के आसपास बने रहते हैं। इसकी वजह से वायु प्रदूषण अन्य मौसम की तुलना में सर्दियों में अधिक रहता है।
दीपावली की वजह से हवा में प्रदूषण है, मगर आसपास के जनपदों के प्रदूषण को आधार बनाकर हम सहारनपुर की हवा के प्रदूषण को तय नहीं कर सकते। हमारे यहां आईआईटी परिसर और घंटाघर पर मशीन लगी है, जहां आईआईटी के अधिकारी ही मशीनों को हैंडल करते हैं।
- डॉ. डीसी पांडेय, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड