तीतरो। ग्राम धानवा में बुखार से 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। जबकि गांव में सैकड़ों ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
क्षेत्र के ग्राम धानवा निवासी अनिल कुमार ने बताया उसकी बेटी स्वाति (20) को कई दिनों से बुखार आ रहा था, इसका उपचार निजी चिकित्सक के यहां से कराया जा रहा था। युवती की हालत में सुधार न होने की दशा में परिजनों ने हायर सेंटर भर्ती कराया था। शनिवार रात युवती की हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान बाबूराव ने कहा गांव में राजेश सैनी, विपिन कुमार, रमेश, प्रदीप, बदेरआलम, साजिद, सुहैल आदि ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। चिकित्सा सुविधा के अभाव में लोगों को निजी चिकित्सकों के यहां भटकना पड़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से गांव में चिकित्सा शिविर लगाकर मरीजों का उपचार कराने की मांग की है। उधर, सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहित वालिया ने कहा गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया था। फिर से टीम को भेज कर मरीजों के रक्त की जांच कर समुचित उपचार कराया जाएगा।