बेहट/ नकुड़/ रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। स्वतंत्रता दिवस पर जिले के बेहट, नकुड़ और रामपुर मनिहारान में भाकियू से जुड़े सैकड़ों किसानों ने तिरंगा रैली निकाली। रैली के बाद किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में तहसील मुख्यालय में संबंधित एसडीएम की मार्फत छह सूत्रीय ज्ञापन प्रधानमंत्री को भेजे।
बेहट क्षेत्र में किसानों ने जिलाध्यक्ष चौ चरण सिंह की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा विभिन्न गांवों से होती हुई तहसील मुख्यालय में संपन्न हुई। चौ चरण सिंह ने कहा पिछले काफी समय से देश के विभिन्न हिस्सों में किसान सरकार द्वारा बनाए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार किसानों की कोई सुध नहीं ले रही है। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम दीप्ति देव को सौंपा। इसमें तीनों कृषि कानून वापस लेने, किसानों का बकाया गन्ना भुगतान ब्याज समेत देने, निजी नलकूपों पर बढ़ी विद्युत दरें वापस लेने आदि रहीं।
नकुड़ में किसान नेता अशोक कुमार ने पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान पंचायत को सफल बनाने की अपील की। इसके बाद किसान नारेबाजी करते ब्लाक कार्यालय से तहसील कार्यालय पहुंचे। वहां किसानों ने राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय को दिया। इसमें संजय चौधरी, कमलेश चौधरी, देशपाल, बृजपाल सैनी, सरदार भोला सिंह, मेवाराम, चौधरी सुरेंद्र सरदार गुरनाम सिंह, सरदार लाड्डी सिंह व बीर सिंह रहे।
रामपुर मनिहारान में पूर्व मंडल अध्यक्ष चौ जगपाल के नेतृत्व में नगर में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा जब तहसील पहुंची तो किसानों ने तहसील कार्यालय के बाहर बैठक की। इसमें देश आजादी के दीवानों की शहादत को नमन किया। बाद में किसानों ने तहसील में तिरंगा फहराया। बाद में किसानों ने पांच सूत्रीय ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम प्रणता ऐश्वर्या को सौंपा। इसमें चौधरी जग पाल, शेर पाल राणा, प्रदीप पंवार, राज कुमार पंवार आदि रहे।
बेहट तहसील में तिरंगा यात्रा लेकर पहुंचे भाकियू कार्यकर्ता- फोटो : SAHARANPUR