सहारनपुर में खुराफातियों ने जिले का माहौल कई बार बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन अमन पसंद लोगों ने उसे नाकाम कर दिया। पिछले एक महीने में कई बार हुई हिंसा रोकने में भले ही पुलिस नाकाम रही हो, लेकिन यहां के नागरिकों ने सूझ बूझ से काम लेते हुए खुराफातियों के मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया।
बुधवार को भी मल्हीपुर रोड पर आवास विकास पुलिस चौकी के पास स्थित धार्मिक स्थल पर खुराफातियों ने मांस का टुकड़ा रखकर माहौल में जहर घोलने की कोशिश की, लेकिन पिछले मामलों से सबक लेते हुए पुलिस ने भी इस बार तत्परता दिखाई तो नागरिकों ने भी संयम बनाए रखा।
मंगलवार की रात को मल्हीपुर रोड स्थित सदर बाजार कोतवाली की आवास विकास पुलिस चौकी परिसर में स्थित धार्मिक स्थल पर किसी खुराफाती ने मांस का बड़ा टुकड़ा लाकर लपेट दिया।
बुधवार की सुबह लोगों ने वहां पर मांस रखा हुआ देखा तो हंगामा शुरू हो गया। लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अधिकारी मौके पर पहुंचे और धार्मिक स्थल को पुलिस घेरे में ले लिया।
वहां मौजूद भीड़ को पुलिस ने तितर-बितर किया। पुलिस अधिकारियों ने मांस के टुकड़े को वहां से हटवाया और धार्मिक स्थल की सफाई कराई। पुलिस का कहना है कि कोई कुत्ता इस जानवर के मांस को खींचकर ले गया था, बाद में उसे छोड़कर चला गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अब्दुल कादिर का कहना है कि कोई कुत्ता किसी जानवर का मांस का टुकड़ा उठाकर ले आया था। लोगों ने कुत्ते को भगा दिया, जबकि मांस का टुकड़ा चबूतरे के पास में पड़ा रह गया था। जिसे हटवा दिया गया। किसी प्रकार तनाव का कोई मामला नहीं है।