सरसावा (सहारनपुर)। राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में अब दिमाग की जांच के लिए ईईजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध हो गई है। इसका सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
शनिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में मरीजों की सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए ईईजी जांच का परीक्षण किया गया। इस विषय में कॉलेज के प्राचार्य डॉ अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि अब राजकीय मेडिकल कालेज पिलखनी में दिमागी जांच के लिए ईईजी सुविधा उपलब्ध हो गई तथा ट्रायल के तौर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की देखरेख में एक बारह वर्षीय बच्चे की ईईजी जांच कराई गई। प्राचार्य ने बताया कि यह जांच काफी महंगी थी, इससे मरीजों को निजी चिकित्सा संस्थानों में जांच करवाने के लिए काफी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब ये जांच राजकीय मेडिकल कॉलेज में सरकारी शुल्क पर उपलब्ध होगी। साथ ही आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह व्यवस्था नि:शुल्क है। मानसिक रोग विभाग के डॉ. अंशुमन तिवारी ने बताया कि मशीन द्वारा दिमागी मरीजों, मिर्गी के मरीजों आदि की जांच के बाद उपचार शुरू किया जाता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुशील शर्मा का कहना है कि दिमागी मरीजों के लिए मेडिकल कॉलेज में ईईजी सुविधा बेहतर साबित होगी। संवाद