सरसावा(सहारनपुर)। थाने पर आयोजित फोटोग्राफरों की बैठक में एसपी देहात अतुल शर्मा ने कहा कि वायुसेना स्टेशन क्षेत्र के पांच किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगा दी गई है। इसलिए कोई भी फोटोग्राफर इस क्षेत्र में ड्रोन ना उड़ाए।
बुधवार शाम थाना परिसर में एसपी देहात अतुल शर्मा ने सरसावा तथा देहात क्षेत्र के फोटोग्राफरों के साथ बैठक की। एसपी देहात ने समझाया कि आजकल अवांछनीय तत्व ड्रोन कैमरे के माध्यम से अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसी हरकतों को रोकने के लिए फोटोग्राफर पुलिस प्रशासन का साथ सहयोग करें। एसपी देहात ने कहा कि सरसावा क्षेत्र वायुसेना स्टेशन स्थापित होने के कारण बेहद संवेदनशील माना जाता है। इसलिए भी वायुसेना स्टेशन के पांच किलोमीटर के दायरे में ड्रोन न उड़ाएं। यदि कोई ड्रोन उड़ता नजर आता है या उन्हें जानकारी मिलती है कि बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाया तो उसके बारे में भी पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। एसपी देहात ने बताया कि ये बंदिश केवल 15 अगस्त तक ही नहीं उससे आगे भी चलती रहेगी। बैठक के दौरान सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने क्षेत्र के सभी फोटोग्राफर के मोबाइल नंबर तथा पतों की भी एक सूची बनाई।