चिलकाना (सहारनपुर)। चिलकाना से अपने गांव नल्हेड़ा लौट रही शाहिबा (12) पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हालत बिगड़ने पर बच्ची को सहारनपुर में एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिले में एक माह के भीतर कुत्तों के बच्चों को निवाला बनाने की यह तीसरी घटना है।
शाहिबा चिलकाना के गांव नल्हेड़ा निवासी महमूद की पुत्री थी। वह बृहस्पतिवार को अपनी हम उम्र सहेलियों के साथ चिलकाना में मेला देखने गई थी और शाम घटना के वक्त ये अपने गांव लौट रही थी। कस्बा चिलकाना से बाहर निकलते ही कुत्तों के झुंड ने शाहिबा पर हमला कर दिया और उसकी सहेलियों ने भागकर खुद को बचाया। परिजन घायल शाहिबा को कस्बे में एक डॉक्टर के यहां इलाज के ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने शाहिबा को घर भेज दिया। शुक्रवार की सुबह शाहिबा की तबीयत बिगड़ने पर सहारनपुर में एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया था। इससे पहले चार अप्रैल को चिलकाना के गांव बुड्ढा खेड़ा में कुत्तों ने शिफा (6), गांव झाड़वन में झोपड़ी में सो रही कोयल (2) को निवाला बना लिया था।