पुलिस लाइन मे पदाधिकारियो वार्ता करते विपिन टाडा
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। शासन द्वारा गोरखपुर से यहां तैनात किए गए नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन टाडा ने मंगलवार शाम को जनपद में आकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। नए एसएसपी ने कहा कि जन सहयोग से अपराधियों पर नकेल कसी जाएगी। नियम और कानून संगत कार्रवाई कर समय से पीड़ित को न्याय दिलाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। जनता और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करना भी मेरी प्राथमिकता में शामिल है।
नए एसएसपी डॉ. विपिन टाडा ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था दुरुस्त रहेगी तो किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। सड़क पर भी सभी व्यवस्था ठीक रहना जरूरी है। सड़कों पर यातायात समेत सभी व्यवस्था ठीक कराई जाएगी। सभी को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी, सभी को समान रूप से कानून के हिसाब से न्याय मिले, कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा और बुजुर्गों की सुरक्षा भी जरूरी है, क्योंकि इनमें पुरुषों के मुकाबले असुरक्षा की भावना रहती है। उन्होंने कहा कि जनपद में दौरा कर जनता से संपर्क किया जाएगा। जनसंपर्क करने से संवाद और समन्वय स्थापित होता है, जिससे अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो जाता है। इसलिए जनता के बीच रहकर कानून का राज कायम रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में ईद उल अजहा और कांवड़ यात्रा है, जिन्हें अच्छी व्यवस्था बना कर जनता के सहयोग से सकुशल संपन्न कराया जाएगा। वार्ता के दौरान एसपी सिटी राजेश कुमार, एसपी देहात सूरज रॉय आदि अधिकारी मौजूद रहे।
डॉक्टर हूं, बीमारी के अनुसार इलाज करना जानता हूं
- एसएसपी डॉ. विपिन टाडा ने कहा कि मैं डॉक्टर हूं, किस बीमारी का कैसे इलाज होता है, मैं अच्छी तरह से जानता हूं, बीमारी में इंजेक्शन लगना है या गोली देनी है, सब समझ है। इसी तरह से अपराधी जैसा भी है, उसका उसी हिसाब से इलाज करना भी जानता हूं।