अंबाला रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। युवक को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने नशा मुक्ति केंद्र संचालकों पर परेशान करने का आरोप लगाया है। युवक की हालत गंभीर बनी है।
थाना चिलकाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी 21 वर्षीय जुबैर पुत्र यामीन को उसके परिजनों ने कुछ दिन पूर्व ही नशा छुड़वाने के लिए अंबाला रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल कराया था। बताया जाता है कि सोमवार की सुबह जब नशा मुक्ति केंद्र कर्मचारी सोकर उठे तो कमरे में जुबैर को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा।
उसकी गर्दन से खून बह रहा था। यह देखते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने आनन-फानन में संचालक को सूचना दी और जुबैर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक ने ब्लेड से अपनी गर्दन पर वार कर खुद को घायल कर रखा था।
अस्पताल में जुबैर ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह कई दिनों से नशा मुक्ति केंद्र से अपने घर जाना चाहता था। उसे कई दिनों तक भूखा रखा गया। इसी के चलते उसने आत्महत्या का प्रयास किया। थाना कुतुबशेर इंस्पेक्टर योगेश शर्मा का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
कई बार हो चुकी हैं घटनाएं
नशा मुक्ति केंद्र में इससे पूर्व भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। दो वर्ष पूर्व नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। तब नशा मुक्ति केंद्र संचालकों पर युवक का उत्पीड़न करने का आरोप लगा था। मगर, मामले में पुलिस ने आज तक कार्रवाई नहीं की है।