सरसावा (सहारनपुर) । एसएसपी के निर्देश पर एसओ सरसावा के द्वारा की गई कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने हरियाणा से यूपी में प्रवेश करने वाले खनन के वाहनों को सीमा पर ही रोक दिया है जिससे अवैध कारोबार बंद होने के बाद खनन माफिया अपने उन आकाओं की शरण में जा पहुंचे है जिनके दम पर नियमों की धज्जियां उड़ाकर खुलेआम अवैध रूप से खनन सामग्री ला रहे थे।
नियमों को ताक पर रखकर हरियाणा से हजारों क्विंटल खनन सामग्री लेकर रोजाना सैकड़ों ट्रक तथा डंपर शाहजहांपुर पुलिस चौकी पार कर यूपी में प्रवेश करते थे। इस एवज में खनन माफिया रोजाना एक नियमित एंट्री फीस देते थे। सरसावा पुलिस ने खनन सामग्री से भरे सभी ट्रकों तथा डंपरों को यूपी में प्रवेश करने से रोक दिया। जिसके बाद यूपी हरियाणा सीमा पर खनन सामग्री से भरे वाहनों की लंबी कतारें लग गई। एसओ ने कहा कि ओवरलोड वाहनों को किसी भी सूरत में यूपी में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वहीं खनन का अवैध रूप से निर्बाध परिवहन करने वाले पुलिस के द्वारा की अचानक की गयी कार्रवाई से सकते में हैं।
सड़क पर डंपरों तथा ट्रकों की संख्या कम होने आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। खनन के ट्रकों के कारण राजमार्ग पर रोजाना जाम लगा रहता था जिससे यात्रियों को आवागमन में खासी परेशानी का सामना करना पड़ता था। साथ ही ओवरलोड वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का ग्राफ भी बढ़ गया था। पुलिस के रुख से जनता को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।