देवबंद (सहारनपुर)। कोतवाली पुलिस ने शशिनगर में छापेमारी कर कच्ची शराब की भट्ठी पकड़ी। पुलिस ने यहां से 50 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली पुलिस को पिछले काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि शशिनगर के एक मकान में कच्ची शराब निकाली जा रही है। बुधवार की रात्रि पुलिस ने फूलचंद के मकान में छापेमारी की। जहां पुलिस को अवैध शराब की भट्ठी चलती हुई मिली। पुलिस को देखकर फूलचंद भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। पुलिस ने मौके से करीब 50 लीटर कच्ची शराब और बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी फूलचंद कच्ची शराब निकालकर आसपास के गांव में उसे बेचता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है। बता दें कि क्षेत्र में इस समय कच्ची शराब का धंधा जोरों पर चल रहा है। गांव दर गांव कच्ची शराब माफिया इस अवैध कारोबार को धड़ल्ले से कर रहे हैं, जबकि आबकारी विभाग और पुलिस जानकारी होते हुए भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई नहीं कर रही है। 10 सितंबर वर्ष 2009 में देवबंद में जहरीली शराब का जाम पीने से करीब 36 लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग ने छापेमारी कर दर्जनों शराब माफिया को गिरफ्तार किया था ।