सहारनपुर। दहेज में 20 लाख रुपये एवं बाइक नहीं देने पर ससुरालियों ने तीन माह के मासूम बच्चे सहित विवाहिता को दो दिन तक कमरे में भूखा प्यासा रखने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने महिला थाने में आरोपी पति व ससुराल वालों को नामजद कराया है।
नई दिल्ली के जैतपुर बदरपुर की खड्डा कॉलोनी निवासी मुशर्रत का कहना है कि उसकी शादी 24 मार्च 2014 को देवबंद के गांव थिथकी निवासी हुसैन मेहंदी के साथ हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल में उसका दहेज उत्पीड़न किया जाता रहा। ससुराल के लोग उससे 20 लाख रुपये और बाइक की मांग करते रहे और उसके साथ मारपीट करते रहे। 17 मई 2018 को रमजान शुरू होने के पहले दिन ही पति ने काम के लिए मायके से पैसे नहीं लाकर देने पर उसके तीन माह के बच्चे को मार देने की धमकी दी और फिर मांग पूरी न करने पर दो दिन तक उसे तीन माह के मासूम बच्चे सहित कमरे में बंद कर दिया गया। उसे खाना भी नहीं दिया गया। दो दिन बाद पति सहित सास एवं अन्य लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा और घायल कर मासूम बच्चे सहित घर से निकाल दिया। मुसर्रत ने आरोपियों के खिलाफ महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।