हाजी इकबाल के परिवार के उत्पीड़न का आरोप लगाया
बेहट (सहारनपुर)। रविवार को शाकंभरी रोड स्थित एक पैलेस में क्षेत्रीय लोगों की बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल, एमएलसी महमूद अली एवं उनके परिवार खिलाफ पुलिस कार्रवाई को उत्पीड़न करने वाला बताया।
बैठक में पब्लिक इंटर कॉलेज साढ़ौली कदीम के प्रबंधक कर्म सिंह राणा ने कहा कि हाजी मोहम्मद इकबाल और उनके परिवार ने कभी किसी का उत्पीड़न नहीं किया। उन्होंने ग्लोकल यूनिवर्सिटी , मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण शिक्षा एवं स्वास्थ्य की संस्था तैयार कर यहां के लोगों के लिए बहुत बड़ा कार्य किया है। लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही हाजी मोहम्मद इकबाल और उनके परिवार के खिलाफ पुलिस प्रशासन के माध्यम से उत्पीड़न की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र के लोग इसे सहन नहीं करेंगे।
सोनी अग्रवाल, चौधरी रामू सहित अन्य ने कहा कि पूर्व एमएलसी और उनके परिवार के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में 13 अगस्त को तहसील पर प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में राव आतिफ, फैजान प्रधान, आजम प्रधान, मोहतसिम प्रधान, महताब मलिक, रिजवान आड़ती, रिजवान, जिला पंचायत सदस्य सत्तार, जिशान प्रधान, मूदा हसन, इलमचंद, प्रधान इरफान, कारी वाजिद, चौधरी ताहिर, मुमताज, डा. हुसैन, चतर सिंह, डॉ. इरशाद रावत, चौधरी इमरान, चौधरी मुस्तकीम आदि मौजूद रहे।