सहारनपुर। राजकीय रेलवे पुलिस ने ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों का सामान चोरी करने के तीन आरोपियों को रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार किया है। जीआरपी ने आरोपियों के पास से नगदी एवं चोरी का सामान बरामद किया है।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन की जीआरपी टीम को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन परिसर में एटीएम के पास कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया।
जीआरपी की टीम ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से 5200 रुपये, चोरी किया हुआ एक पर्स और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम समीर निवासी 62 फुटा, टावर वाली गली, तालिब निवासी मोहल्ला काजी वाला, काजी मस्जिद के पास, इमरान निवासी मोहल्ला धोबी वाला सहारनपुर बताया है।
जीआरपी प्रभारी अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी ट्रेनों एवं प्लेटफार्म से यात्रियों का सामान चोरी करते हैं।