सीएचसी में हंगामा, चिकित्सक से अभद्रता
देवबंद (सहारनपुर)। कुत्ते के काटने पर इंजेक्शन लगाने को लेकर सीएचसी में जमकर हंगामा हो गया। हंगामा कर रहे एक व्यक्ति ने चिकित्सक पर इंजेक्शन लगाने के नाम पर 500 रुपये मांगने का आरोप लगाया। वहीं, चिकित्सक और स्टाफ ने उनसे अभद्रता करने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अभद्रता के आरोप में इस शख्स को हिरासत में ले लिया।
अंबहेटा शेखां गांव निवासी मोहम्मद साजिद शनिवार को सरकारी अस्पताल में कुत्ते के काटने पर इंजेक्शन लगवाने के लिए गया था। उसका आरोप है कि वहां मौजूद चिकित्सक डा. नईम ने उससे इंजेक्शन लगाने के नाम पर 500 रुपये की मांग की। जब उसने बाहर 300 रुपये में ही इंजेक्शन लगाने की बात कही तो इसे लेकर कहासुनी हो गई। वहीं, डा. नईम का आरोप है कि साजिद ने हंगामा करते हुए उनसे अभद्रता की। हंगामा बढ़ते देख सीएचसी स्टॉफ ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। पुलिस ने साजिद को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई।
इस दौरान डा. नईम, डा. इंद्राज, डा. मनीष, डा. रोहित, संजय शर्मा, डा. बडूनी सहित अन्य कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस हिरासत में आरोपी साजिद का कहना था कि वह दिल्ली गया था जहां उसे कुत्ते ने काट लिया था। शनिवार को वह इंजेक्शन लगवाने सीएचसी में आया तो उससे पैसे मांगे गए। विरोध करने पर उसके साथ ही अभद्रता और मारपीट की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।