तंत्र क्रिया करने के विरोध पर हमला, आधा दर्जन घायल
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। आधी रात को श्मशान में तंत्र क्रिया कर रहे पांच युवकों ने विरोध करने पर ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिसमें दो तांत्रिक युवकों समेत कई ग्रामीण घायल हो गए। ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर आरोपी तांत्रिक युवकों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविवार की सुबह थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के बुड्ढ़ाखेड़ा संतलाल निवासी दयाराम, लाल सिंह, टीनू, राजेश, संजय, सहेंद्र, सतीश, ओमपाल, सुभाष, पप्पू, अर्जुन, सहसपाल आदि काफी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की रात उनके गांव के ही पांच युवक श्मशान में तंत्र क्रिया कर रहे थे। इसकी खबर लगते ही वह लोग शमशान पहुंचे और युवकों का विरोध किया तो आरोप है, कि उन्होंने उन पर हमला कर दिया और उन्हें तांत्रिक क्रिया द्वारा सर्वनाश करने की धमकी दी। ग्रामीणों ने बताया कि मारपीट में अमरपुर निवासी आरोपी युवक गुरू प्रवेश एक अन्य अक्षय कुमार घायल हो गए। ग्रामीणों ने तंत्र क्रिया में प्रयोग किए जाने वाला सामान भी पुलिस को सौंपा।
उधर तंत्र क्रिया के आरोपी पक्ष द्वारा भी थाने पर तहरीर दी गई। उनका आरोप है, कि तंत्र क्रिया की साजिश रचकर उन पर जानलेवा हमला किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।