लोहारू। सिविल अस्पताल के समीप टिब्बे वाले हनुमान मंदिर से अज्ञात चोरों ने रात्रि को ताला तोड़कर पुजारी की पुत्रवधु का गहनों से भरा बैग, नगदी और मंदिर का चढ़ावा चोरी कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में हनुमान मंदिर के पुजारी गिरधारीलाल ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह मंदिर का ताला बंद करके अपने किराए के निवास पर चले गए थे। मंदिर में बालाजी की मूर्ति के पास बने भवन के भीतर उनका एक बैग रखा हुआ था। इसमें उनकी पुत्रवधु के सोने के अनेक गहने और चांदी के आभूषण रखे थे। इसके अलावा करीब एक हजार रुपये की नगदी और मंदिर का चढ़ावा भी रखा हुआ था। अज्ञात चोरों ने रात्रि को मंदिर के दो ताले तोड़कर यह सारा सामान चोरी कर लिया। सुबह जब वह पूजा के लिए अपनी पत्नी के साथ मंदिर में आए तो ताले टूटे मिले। सारा सामान बिखरा हुआ था।