सहारनपुर में शुक्रवार को मंदिर से दानपात्र चोरी कर भाग रहे एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। उसके साथ मारपीटकर लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। उसमें 4530 रुपये मिले हैं।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नकुड़ थानाक्षेत्र में शुक्रवार को शिव मंदिर से दानपात्र चोरी कर भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर चालान किया है।
विज्ञापन
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक तहसील के पास स्थित शिव मंदिर के पास चादर लपेटे भाग रहा था। आसपास के दुकानदारों को शक हुआ तो उन्होंने पकड़ लिया और चादर उतारकर देखी तो उसमें दानपात्र था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उक्त दानपात्र उसने तहसील के पास शिव मंदिर से चुराया है। इस पर लोगों का गुस्सा भड़क गया और भीड़ उसके साथ मारपीट करने लगी। कुछ जिम्मेदार व्यक्तियों ने बीच बचाव करते हुए कोतवाली ले जाकर पुलिस को सौंप दिया।
आरोपी ने पुलिस को अपना नाम मोनिस खान निवासी गांव रसूलपुर बताया। पुलिस के समक्ष दानपात्र को खोला गया तो उसमें 4530 रुपये मिले। उक्त मंदिर में एक साल में दूसरी बार दान पात्र चोरी होने की घटना से हिंदू संगठनों में रोष है।
मंदिर कमेटी से जुड़े देवेंद्र मित्तल, मनोज धनगर, अरुण धनगर, विशाल, त्रिलोक चंद, प्रवीण कुमार ने थाने पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध तहरीर देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल हृदय नारायण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी मोनिस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।