सहारनपुर। भैया दूज के पर्व पर परिवहन निगम की बस सेवा कमजोर पड़ गईं। यात्रियों को बसों के इंतजार में एक से डेढ़ घंटा तक परेशान रहना पड़ा। आलम यह था कि महिलाओं की गोद में बच्चा था, लेकिन बस में चढ़ने को भीड़ में जद्दोजहद करनी पड़ रही थी। बस अड्डा परिसर में यात्रियों के बैठने तक की उपयुक्त व्यवस्था नहीं थी, जिस कारण लोगों को मैदान पर ही बैठने को मजबूर होना पड़ा।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने 199 बसों का संचालन कराने और लंबी दूरी की बसों को शटल बनाकर संचालित करने का दावा किया था। शनिवार को जब यात्रियों की भीड़ निकली तो परिवहन निगम के दावे धरे के धरे रह गए। हालत यह हो गई कि सहारनपुर में अंबाला रोड स्थित बस अड्डे पर जैसे ही किसी रूट की बस पहुंचती तो बगैर देर करे यात्रियों से फुल हो जाती और सैकड़ों यात्री रह जाते, जिन्हें दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा।
शामली, लोनी रूट पर ज्यादा दिक्कत
सबसे ज्यादा परेशानी शामली, थानाभवन, जलालाबाद और उससे आगे कांधला, बागपत तथा लोनी तक जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी। क्योंकि इन रूट की बसें सबसे कम आ रही थीं। इस कारण पूछताछ काउंटर पर भी यात्री यही पूछते रहे कि कब आएगी बस, उन्हें रोडवेज कर्मियों द्वारा बस यही जवाब दिया जा रहा था कि रास्ते में है, आती ही होगी।
यात्रियों की पीड़ा
लुधियाना से अपने घर थानाभवन के मोहल्ला रेती लौट रहे रोबिन पूरे परिवार सहित आए। उन्हें शामली रूट की बस में बैठना था। पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे वह बस अड्डे पर पहुंचे, लेकिन 12 बजे के बाद तक भी बस नहीं मिल सकी। थके हारे परिवार के सदस्य, जिनमें बच्चे भी थे, उन्हें बस अड्डे के मैदान पर ही बैठना पड़ा।
बुढ़ाना के रहने वाले पारस की ससुराल शामली में है, जबकि सहारनपुर में उनकी बुआ रहती हैं। पारस बुढ़ाना से कार के जरिये शामली आए, वहां ससुराल में परिवार को छोड़कर बस से अपनी बुआ के यहां महाराजा गार्डन कॉलोनी सहारनपुर पहुंचे। लौटते समय वह करीब एक घंटा तक बस अड्डे पर खड़े रहे, लेकिन बस नहीं मिल सकी।
सहारनपुर के माधवनगर निवासी अमित और उनकी पत्नी एकता अपने दो बेटों के साथ मेरठ जाने के लिए बस अड्डे पर पहुंचे। यहां करीब आधा घंटे से भी ज्यादा समय तक बस का इंतजार करना पड़ा। अमित का कहना था कि बसों की संख्या में बढ़ोत्तरी होनी चाहिए थी।
ट्रेनों में भी रही भीड़
सहारनपुर। भैया दूज पर त्योहार मनाने जाने वालों की वजह से रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ रही। रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को जहां 3950 यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि शनिवार को यह आंकड़ा चार हजार के पार पहुंच गया। चूंकि अधिकांश ट्रेनों में अभी एक्सप्रेस का ही किराया लिया जा रहा है, इस कारण अभी पूर्व के वर्षों की तरह भीड़ स्टेशन पर दिखाई नहीं दी।
- बस ना मिलने से परेशान अमित और एकता का परिवार- फोटो : SAHARANPUR
अंबाला रोड़ बस अड़डे पर भीड़ के बीच एक हाथ में बेग एक हाथ में बच्चे को लिये को बस में चढ़ती बहने- फोटो : SAHARANPUR
अंबाला रोड़ बस अड़डे पर बस पकड़ने के लिये उमड़ी भीड़ के बीच व्यवस्था बनवाती पुलिस- फोटो : SAHARANPUR
अंबाला रोड़ बस अड़डे पर बस पकड़ने के लिये उमड़ी भीड़- फोटो : SAHARANPUR
अंबाला रोड़ बस अड़डे पर भीड़ के बीच एक हाथ में बेग एक हाथ में बच्चे को लिये को बस में चढ़ती बहने- फोटो : SAHARANPUR