फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: भाजपा के सामने चुनौती बनीं यूपी की ये हॉट सीटें, रूठों को मनाने के लिए स्टार वार, अब सैनी और जाट कार्ड

Tue, 16 Apr 2024 01:15 PM IST
कपिल kapil विनीत तोमर, अमर उजाला, सहारनपुर

सार

Mission 2024 : भाजपा के लिए यूपी की ये हॉट सीटें चुनौती बनी हुईं हैं। वहीं, रूठों को मनाने के लिए भाजपा ने सैनी समाज के चेहरे सीएम नायब सिंह और जाटों को साधने के लिए चौधरी जयंत को स्टार प्रचारक बनाकर मैदान में उतारा है।
विज्ञापन
सीएम नायब सिंह सैनी और चौधरी जयंत सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लोकतंत्र के महापर्व का समय आ गया है। सियासत में रूठों को मनाने की कवायद भी जोर पकड़ रही है। सत्ता में बैठी भाजपा के लिए पश्चिम यूपी की सीटें चुनौती बनी हुई हैं। भाजपा किसी भी बिरादरी को नाराज नहीं करना चाहती। सैनी समाज के कुछ लोगों में नाराजगी को लेकर उठ रही सुगबुगाहट का पता चलने के बाद भाजपा ने सैनी कार्ड खेल दिया। पड़ोसी राज्य हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सहारनपुर, बिजनौर और मुजफ्फरनगर में उन क्षेत्रों में उतार दिया, जहां पर सैनी समाज की अच्छी खासी संख्या है। 

विज्ञापन


वहीं, जाट समाज को सहेजने के लिए रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने कमान संभाली है। क्षत्रिय समाज को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अपनी उपस्थिति बनाए हुए हैं।

सहारनपुर और कैराना सीट पर रहा फोकस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को नकुड़ और ताल्हापुर में जनसभा की। हालांकि, संबोधन के दौरान उन्होंने सैनी समाज का नाम नहीं लिया, लेकिन मंझे हुए राजनीतिज्ञ की तरह बड़ी सादगी से लोगों का मन टटोला। कहा कि वह तो पड़ोसी हैं। पड़ोसी होने के नाते अक्सर उत्तर प्रदेश में आना होता है। पहले भी यहां के लोगों ने प्यार दिया और आगे भी देंगे। अगर हरियाणा का कोई काम हो तो कभी भी आकर मिल सकते हैं। पड़ोसी का फर्ज निभाऊंगा। 

इस दौरान उनका पूरा फोकस कैराना और सहारनपुर लोकसभा सीट पर रहा। कैराना सीट पर भाजपा ने मौजूदा सांसद प्रदीप चौधरी और सपा की तरफ से इकरा हसन मैदान में है। बसपा से श्रीपाल राणा प्रत्याशी है। सहारनपुर के बाद उन्होंने बिजनौर और मुजफ्फरनगर में भी जनसभा कर सैनी समाज को साधा।

मुजफ्फरनगर-सहारनपुर में जाटों को सहेजने उतरे जयंत
दूसरी तरफ जाट समाज को सहेजने के लिए रालोद मुखिया जयंत चौधरी भी मैदान में उतर गए। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रालोद मुखिया ने पहली जनसभा देवबंद क्षेत्र के चंदेना कोली गांव में की। जो मुजफ्फरनगर सीमा से ज्यादा दूर नहीं है। रालोद मुखिया का संबोधन किसानों के इर्द-गिर्द ही रहा। दरअसल, मुजफ्फरनगर सीट पर सपा की तरफ से हरेंद्र मलिक और भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान आमने-सामने हैं। हरेंद्र मलिक को भी कद्दावर नेता माना जाता है, जिनकी जाटों में अच्छी पकड़ है। बताया जा रहा है कि इसी वजह से जाट समाज को सहेजने के लिए भाजपा-रालोद की तरफ से जयंत चौधरी आए हैं।

यह भी पढ़ें: UP: केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का मायावती पर पलटवार, बोले-'अलग राज्य बनाने की सोच अच्छी पर मौका न मिलेगा'
विज्ञापन

पश्चिम में योगी की उपस्थिति बरकरार, आज होगा रोड शो
पिछले दिनों सहारनपुर, कैराना और मुजफ्फरनगर सीट पर क्षत्रिय समाज की नाराजगी को लेकर भाजपाइयों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। सहारनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आ चुके हैं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अपनी उपस्थिति यहां बनाए हुए हैं। मंगलवार को योगी आदित्यनाथ एक बार फिर सहारनपुर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम पौने चार बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद वह काफिले के साथ पुराने शहर में भगत सिंह चौक पर जाएंगे। यहां से रोड शो की शुरुआत की जाएगी, जो मोरगंज बाजार, शहीदगंज बाजार, चौकी सराय, नेहरू मार्केट होते हुए घंटाघर पर पहुंचकर संपन्न होगा। घंटाघर पर मुख्यमंत्री लोगों को संबोधित भी करेंगे।

यह भी पढ़ें: कैराना लोकसभा सीट: कास्ट फैक्टर और त्रिकोणीय मुकाबला, मुस्लिम-गुर्जर और ठाकुर वोट पाने की कोशिश
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें