सहारनपुर। मल्हीपुर रोड पर ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्र के लोगों ने चालक को ट्रक सहित पकड़कर देहात कोतवाली पुलिस के हवाले किया है।
देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदेना कोली निवासी विजयपाल (46) और अनिल (41) शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक द्वारा रविवार की देर रात गांव लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक जब विजयपाल व अनिल बाइक पर मल्हीपुर रोड पर गांव साढ़ौली के पास पहुंचे तो ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के पश्चात अनिल तो सड़क पर एक ओर जा गिरा, जबकि विजयपाल सड़क के बीच में गिर गया और ट्रक का पहिया उस पर चढ़ गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए और चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया और आरोपी को कोतवाली देहात पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने विजयपाल को हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन विजयपाल को देहरादून के एक अस्पताल में लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। चालक पुलिस की हिरासत में है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।