बेहट (सहारनपुर)। दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर ताजपुरा गांव के पास नीलगाय से एक बाइक टकरा गई। जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इस बीच पीछे से आ रही एक और बाइक सड़क पर पड़ी बाइक से टकरा गई, जिससे दोनों बाइकों पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने पर शवों को परिजनों को सौंप दिया। हादसे में नीलगाय की भी मौत हो गई। उसे भी पुलिस द्वारा दफना दिया गया।
हादसा शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव घुन्ना निवासी अक्षय (23) पुत्र नाथीराम बाइक पर किसी काम से कलसिया की तरफ आ रहा था, जैसे ही वह गांव ताजपुरा के पास पहुंचा, तो उसकी बाइक अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गई। नीलगाय से टकराते ही अक्षय सड़क पर जा गिरा। इसी बीच पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे आ रहे सहारनपुर के खाताखेड़ी निवासी निसार (55) पुत्र छांगा व नासिर पुत्र अब्दुल करीम भी अक्षय की बाइक से टकरा कर सड़क पर जा गिरे। हादसे में निसार और अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नासिर घायल हो गया। नीलगाय की भी बाइक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सहारनपुर अस्पताल भेजा। इसी दौरान मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार किया। जिसके बाद उनके अनुरोध पर शवों को बिना पोस्टमार्टम कराए उन्हें सौंप दिया गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तीनों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था, यदि हेलमेट लगाया होता तो उनकी जान बच सकती थी।