छुटमलपुर (सहारनपुर)। पुलिस प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने और बकाया गन्ना भुगतान की मांग को भाकियू तोमर 26 अगस्त को हरिद्वार में एसएसपी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेगी। हरिद्वार आंदोलन को सफलता बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई गई।
देहरादून रोड पर स्थित यूनियन के मंडल कार्यालय पर आयोजित बैठक में मंडल प्रभारी अजय पुंडीर ने कहा कि किसानों का सब जगह शोषण हो रहा है। ब्लाक, तहसील कार्यालयों और थानों में किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। डीजल के दाम आए दिन बढ़ रहे हैं। चीनी मिलें गन्ने का भुगतान नहीं दे रही हैं। यह स्थिति बरदाश्त नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर से किसान धरना प्रदर्शन में भागेदारी के लिए कूच करेंगे। नगर अध्यक्ष हाजी सलीम और मंडल प्रतिनिधि वीरेंद्र राणा ने कहा जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी, एसएसपी कार्यालय पर धरना जारी रहेगा। जिला महासचिव अश्वनी कांबोज और जिला उपाध्यक्ष सुनील राणा ने विचार रखे। इसमें सैयद शान हुसैन, शहजाद उर्फ पप्पू, ब्लाक संगठन मंत्री फुरकान अहमद, इश्तखार, डॉ. सोमबीर सैनी, राजेंद्र बर्मन, ब्लाक महासचिव राजबीर कांबोज, दिलशाद अहमद फतेहपुर, वाजिद अली, अब्दुल्ला उर्फ सोना, मोनू कांबोज आदि मौजूद रहे।