सहारनपुर। जनपद में 75 दिन बाद कोरोना के दो मरीज मिलने तथा पड़ोसी राज्यों में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। आम जन से भी घर से बाहर निकलते हुए मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने की अपील की।
शुक्रवार को हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कोई व्यक्ति अन्य राज्यों या विदेश से जनपद में आ रहा है तो उनको अपने आने की सूचना गांव निगरानी समिति व मोहल्ला निगरानी समिति एवं ब्लॉक पर देनी होगी। जिससे उनके कोविड-19 की जांच की जा सके। कोई व्यक्ति अपनी सूचना नहीं देता है तो उसके विरुद्ध महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक को कोविड से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र, केरल, उत्तराखंड, दिल्ली आदि राज्यों से ट्रेन, बस व अन्य माध्यमों से जनपद में आने वाले सभी यात्रियों की टेस्टिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, साथ ही टीकाकरण बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि निगरानी समितियों एवं डोर टू डोर सर्विलांस टीमों को पहले की तरह पुन: क्रियाशील करने के निर्देश दिए। एंटीजन व आरटी-पीसीआर जांच तेज करने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने भी जनता से सावधानी बरतने की अपील की।
विभाग द्वारा जारी अपील
-बेवजह भीड़ वाले स्थानों जैसे मॉल, सिनेमा घर, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मेला, पार्टी, होटल आदि में जाने से बचें।
-अनावश्यक यात्रा न करें और जुकाम, खांसी, बुखार के मरीज के संपर्क में आने से बचें।
-खांसते और छींकते समय मुंह पर रुमाल लगाएं।
-घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।
-सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन करें।
-हाथों को बार-बार धुलते रहें या सैनिटाइज करें।